फोटो - जोहार संथाल डेस्क
जोहार पटना, 21 फरवरी। भोजपुरी और मनोरंजन जगत की लोकप्रिय अभिनेत्री अक्षरा सिंह (Akshara Singh) और फुकरे फेम बॉलीवुड अभिनेता वरुण शर्मा (Varun Sharma) की जोड़ी का सॉन्ग ‘होली पे चले गोली’ (Holi Pe Chale Goli) ने रिलीज होते ही धमाका कर दिया है। इस होली विशेष गीत में जबरदस्त ऊर्जा और मस्ती का रंग है। रिलीज के साथ ही यह गीत दर्शकों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो गया।
यह गीत बिलीव म्यूजिक के आधिकारिक यूट्यूब चैनल से जारी किया गया है। रिलीज के कुछ ही समय में इसे पांच लाख से अधिक दर्शकों ने देख लिया, जो इसकी लोकप्रियता का स्पष्ट संकेत है। गीत में रंग, उत्सव और धमाकेदार संगीत का ऐसा संगम है, जिसने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया है।
वीडियो में अक्षरा सिंह और वरुण शर्मा की शरारत भरी होली और दमदार नृत्य प्रस्तुति खास आकर्षण बनी हुई है। दोनों कलाकारों की केमिस्ट्री दर्शकों को बेहद पसंद आ रही है और सोशल मीडिया पर भी गीत की जमकर चर्चा हो रही है। इस गाने का संगीत विक्रम मॉन्ट्रोस ने तैयार किया है, जबकि इसे अभि दत्त, दीपाली साथे और विक्रम मॉन्ट्रोस ने स्वर दिया है।
अजीम शिराजी के लिखे बोल और संगीत संयोजन ने इस गीत को इस वर्ष के होली उत्सव का प्रमुख आकर्षण बना दिया है। इस गाने के निर्माण वर्षा कुकरेजा और सूरज सिंह ने किया है, सह-निर्माता मिखिल चंदिरमानी हैं, कार्यकारी निर्माता जहान बत्रा, लेखा प्रमुख समीर उत्तेकर तथा लॉजिस्टिक्स सहयोगी प्रफुल ठवाले हैं।
गाने के रिलीज को लेकर अक्षरा सिंह बेहद उत्साहित नजर आई और उन्होंने अपने इन्स्टाग्राम के जरिए गाने को लेकर अपनी प्रतिक्रिया भी दी। गाने को लेकर अक्षरा सिंह ने उत्साह जताते हुए कहा कि इस साल की होली का सबसे बड़ा धमाका दर्शकों के लिए तैयार है। उन्होंने बताया कि इस गीत में रंगों की मस्ती, दमदार अंदाज और जबरदस्त ऊर्जा का अनोखा संगम देखने को मिलेगा।
उनके अनुसार, इस बार होली का जश्न और भी जोरदार होने वाला है, जहां संगीत की ताकतवर धुनों के साथ भरपूर उत्साह और मनोरंजन का माहौल बनेगा। उन्होंने दर्शकों से अपील की कि वे इस खास होली धमाके को मिस न करें।
इसे भी पढ़ें – ब्यूटी क्वीन माही श्रीवास्तव बनी ‘3 स्टार बहुरिया’, ट्रेलर आउट के साथ हुआ वायरल
अक्षरा सिंह के पीआरओ रंजन सिन्हा ने कहा कि यह गीत होली के अवसर पर अक्षरा सिंह के चाहने वालों के लिए एक खास उपहार की तरह है। उन्होंने बताया कि इस गाने में रंग, उत्साह और मनोरंजन का शानदार मेल है, जिसे खास तौर पर दर्शकों को त्योहार की खुशी दोगुनी करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। रंजन सिन्हा के अनुसार यह गीत न सिर्फ होली के जश्न को और यादगार बनाएगा, बल्कि अक्षरा के प्रशंसकों को उनकी ऊर्जा और अंदाज का एक नया रंग भी देखने को मिलेगा।
—–समाप्त—–
