सभी फोटो - पीआरडी देवघर
जोहार देवघर, 15 फरवरी। महाशिवरात्रि 2026 (Mahashivratri 2026) हिंदू धर्म का एक अत्यंत महत्वपूर्ण और पावन पर्व है। झारखंड के देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम (Deoghar Shiv Barat) में महाशिवरात्रि पर्व का अद्भुत स्वरूप देखने को मिला। यहां महादेव और माता पार्वती का विधिवत विवाह संपन्न कराया गया, जिसकी शुरुआत शिव बारात से हुई।

बाबा बैद्यनाथ धाम में चतुष्प्रहर पूजा की विशेष परंपरा निभाई जाती है, जो अन्य शिव धामों में दुर्लभ है। रातभर चलने वाली पूजा में शिव विवाह की पूर्ण विधि संपन्न होती है। इस दिन बाबा बैद्यनाथ को सिंदूर अर्पित किया जाता है और मोर मुकुट चढ़ाया जाता है। इस दिन बाबा मंदिर गर्भगृह में विशेष आयोजन कर शिव विवाह संपन्न कराया जाता है।

केकेएन स्टेडियम शिव बारात का मुख्य प्रारंभिक स्थल है। यहां से विशेष कार्यक्रम के जरिए शिव बारात को रवाना किया गया। इस अवसर पर देवघर उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा, पुलिस अधीक्षक सौरभ कुमार समेत पदाधिकारी और बड़ी संख्या में शिव भक्त मौजूद रहे। जब केकेएन स्टेडियम से शिव बारात निकली तो इसमें हजारों बाराती शामिल हुए।

स्टेडियम से होते हुए शिव बारात बजरंगी चौक, टावर चौक होते हुए बाबा मंदिर तक पहुंची। इस साल शिव बारात में 12 ज्योतिर्लिंग के प्रारूप झांकी के माध्यम से प्रदर्शित किए गए। इसमें सभी ज्योतिर्लिंग में मौजूद पुरोहित इसकी पूजा करते हुए नजर आए। साइबर क्राइम के प्रति जागरूकता के उद्देश्य से ‘साइबर दैत्य’ भी बारात में शामिल हुआ।

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की विश्व कप में शानदार सफलता भी झांकी के माध्यम से दर्शाई गई। ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’, ‘कलयुग थीम’, ‘कल्कि अवतार’, देवी-देवताओं, भूत-प्रेतों, साधु-संतों और राक्षसों के स्वरूप में बाराती शामिल हुए। बारात में हाथी, घोड़ा, भूत, बैताल, नंदी, भृंगी, डाकिन, साधु-संन्यासी, राक्षस, चुड़ैल, पिशाच सहित अन्य शामिल हुए।

शिव बारात में शामिल होने वाले लोगों को कई नए और अनोखे शो देखने को मिले। शिव बारात को आकर्षक बनाने के लिए शहर में शिवधुन बज रहे हैं। इसके लिए लगभग सभी जगहों पर लाउडस्पीकर लगाए गए हैं। साथ ही शिव बारात में लोगों को ड्रोन शो भी दिखाया गया। टावर चौक पर शाम 8.30 बजे से करीब 20 से 25 मिनट का ड्रोन शो हुआ।

टावर चौक पर लेजर शो के माध्यम से 20 से 25 मिनट तक बारातियों को शिव महिमा, शिव की कथा और महाशिवरात्रि से जुड़े प्रसंगों के बारे में बताया गया। बारात को लेकर शहर के प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों को रंग-बिरंगी स्पाइरल लाइटों से सजाया गया है। सभी रूट लाइन को भी आकर्षक तरीके से सजाया गया है।

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा के निर्देशानुसार महाशिवरात्रि को लेकर मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं के सहयोग और सुविधा के लिए पांच स्थलों (बाबा मंदिर, फुटओवर ब्रिज, तिवारी चौक, जलसार पार्क और बीएड कॉलेज) पर सूचना सह सहायता केंद्र बनाए गए हैं। सभी पांच सूचना सह सहायता केंद्रों में सूचना सह सहायता कर्मियों (उद्घोषकों) को प्रतिनियुक्त किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को हर संभव सहयोग के साथ बिछुड़े हुए श्रद्धालुओं को परिजनों से मिलाया जा सके।

महाशिवरात्रि के अवसर पर जिला प्रशासन ने देवतुल्य श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के पर्याप्त इंतजाम किए हैं। उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा के निर्देशानुसार राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की 33 सदस्यीय टीम को शिवगंगा सरोवर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तैनात किया गया है। एनडीआरएफ के जवान दो बोट, गोताखोर, लाइफ जैकेट एवं आवश्यक सभी उपकरणों के साथ तैनात रहे।

—–समाप्त—–
