फोटो - पीआरडी देवघर
जोहार देवघर, 15 फरवरी। झारखंड के देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम (Deoghar Baba Baidyanathdham Yatra) को द्वादश ज्योतिर्लिंग में सर्वश्रेष्ठ माना जाता है। इस स्थल पर शिव और शक्ति का मिलन हुआ है, इस कारण बाबा बैद्यनाथ को कामनालिंग और हृदयापीठ भी कहा जाता है। यह एक जागृत स्थल है। बाबा बैद्यनाथ की महिमा अपने आप में अनोखी है। बाबा भोले की भक्ति के रूप अलग-अलग हैं और यहां पर किसी की भी मनोकामना पूरी होती है। कहते हैं, ‘कर्ता करे न कर सके, शिव करे सो होय, तीन लोक नौ खंड में, शिव से बड़ा न कोय।’ यह देवघर स्थित कामनालिंग के भक्तों से बढ़कर कोई नहीं जानता है।
बैद्यनाथ धाम के दर्शन मात्र से मनोकामनाएं पूरी
धर्मग्रंथों में भी लिखा हुआ है कि बैद्यनाथ धाम के दर्शन मात्र से भक्तों की मनोकामनाएं पूरी हो जाती हैं। यहां भगवान राम ने भी सुल्तानगंज स्थित उत्तर वाहिनी गंगा से पावन गंगाजल लाकर जलार्पण किया था। अगर आप भी इस ज्योतिर्लिंग के दर्शन करना चाहते हैं तो हम आपको बताने जा रहे हैं कि कैसे आप झारखंड की सांस्कृतिक राजधानी देवघर आ सकते हैं। आपको हम हवाई यात्रा, ट्रेन या सड़क मार्ग से यहां आने के बारे में विस्तार से जानकारी देंगे।
दिल्ली से भी सीधे पहुंच सकते हैं देवघर एयरपोर्ट
बैद्यनाथ धाम ज्योतिर्लिंग झारखंड के देवघर जिले में है। बैद्यनाथ धाम के सबसे पास में देवघर एयरपोर्ट है। देवघर (Deoghar Airport) का कोड DGH है। इसे याद रखें क्योंकि फ्लाइट बुक करने में आसानी होगी। देवघर से कई शहरों की फ्लाइट सुविधा उपलब्ध है। अगर आप दिल्ली से देवघर जाना चाहते हैं तो आपको इंडिगो एयरलाइंस की वेबसाइट पर जाकर टिकट बुक करना है। दिल्ली से देवघर के लिए एक तरफ का टिकट 5,500 से लेकर 6,500 रुपए तक में मिल जाता है। दिल्ली से देवघर के लिए दो फ्लाइट हैं, एक सुबह और दूसरी शाम में। बुकिंग संबंधी सारी डिटेल्स आपको इंडिया वेबसाइट पर मिल जाएगी।
इसे भी पढ़ें – बाबा बैद्यनाथ धाम की अनोखी महिमा, शिव-शक्ति के दिव्य मिलन से पूरी होती है हर मनोकामना
रांची, कोलकाता या हावड़ा, कहीं से भी करें यात्रा
अगर आप रांची या कोलकाता एयरपोर्ट से देवघर आना चाहते हैं तो भी दिक्कत की कोई बात नहीं है। रांची एयरपोर्ट से आप रांची जंक्शन आ सकते हैं और वहां से ट्रेन के जरिए जसीडीह (देवघर से 5 किलोमीटर दूर) जंक्शन आ सकते हैं। यहां से आपको देवघर शहर के लिए ऑटो, ई-रिक्शा और टैक्सी सर्विस मिल जाएगी। कोलकाता से आप पहले हावड़ा जाएं और वहां से ट्रेन के जरिए जसीडीह स्टेशन पहुंच सकते हैं। आपकी हावड़ा से जसीडीह तक की यात्रा 4 से 5 घंटे में पूरी हो जाएगी। अगर आप सीधे देवघर एयरपोर्ट आते हैं तो बाहर निकलने के साथ ही ई-रिक्शा और टैक्सी सर्विस मिल जाएगी। आप 100 से 200 रुपए में देवघर शहर पहुंच जाएंगे।
भारतीय रेलवे के जरिए पहुंच जाइए बाबा के द्वार
अगर आप पटना आते हैं और देवघर दर्शन करना चाहते हैं तो भी चिंता की बात नहीं है। आपकी यात्रा में भारतीय रेलवे मददगार साबित हो सकती है। आपको कई ट्रेन मिल जाएंगी, जिनके जरिए आप सीधे जसीडीह पहुंच सकते हैं। पटना से देवघर आप सड़क मार्ग से भी आ सकते हैं। आपकी यात्रा 5 से 6 घंटे में पूरी हो जाएगी। सड़क की स्थिति अच्छी है तो थकान भी नहीं होगा। पश्चिम बंगाल का आसनसोल हो या झारखंड के धनबाद, गिरिडीह, हजारीबाग या जमशेदपुर जैसे शहर। आप सड़क मार्ग से भी आसानी से देवघर आ सकते हैं।
इसे भी पढ़ें – बाबा बैद्यनाथ धाम की अनोखी महिमा, शिव-शक्ति के दिव्य मिलन से पूरी होती है हर मनोकामना
कुछ जरूरी जानकारियां, जो आपके काम की हैं…
देवघर एयरपोर्ट से बैद्यनाथ धाम की दूरी करीब 12 किलोमीटर है।
रांची एयरपोर्ट से बैद्यनाथ धाम एयरपोर्ट की दूरी करीब 191 किलोमीटर है।
धनबाद से बैद्यनाथ धाम की दूरी करीब 114 किलोमीटर है।
हजारीबाग से बैद्यनाथ धाम की दूरी करीब 177 किलोमीटर है।
पश्चिम बंगाल के आसनसोल से बैद्यनाथ धाम की दूरी 115 किलोमीटर है।
देवघर में ठहरने के लिए बजट के हिसाब से व्यवस्था
अगर देवघर आ गए हैं और ठहरने की चिंता कर रहे हैं तो ज्यादा मत सोचिए। बाबा मंदिर से जुड़े तीर्थ पुरोहित आपका काफी ख्याल रखेंगे। आपको होटल चाहिए या गेस्ट हाउस या धर्मशाला। यहां सबकुछ उपलब्ध है। वो भी आपके बजट के हिसाब से। आप पूजा करना चाहते हैं तो आपको अहले सुबह सरकारी पूजा में शामिल होना चाहिए। अगर इसमें नहीं आ सकते हैं तो आप दिनभर में किसी भी टाइम दर्शन-पूजन कर सकते हैं। यहां तक कि आपको शाम के श्रृंगार पूजा का दर्शन जरूर करना चाहिए। यहां से पूजा करने के बाद आप दुमका स्थित बाबा बासुकीनाथ धाम भी जा सकते हैं, जो 30 से 45 मिनट की दूरी पर स्थित है।
—–समाप्त—–
