पीआरडी, पाकुड़
जोहार पाकुड़, 31 जनवरी। केरल मॉडल (Kerala Model) का अध्ययन करने और झारखंड में पंचायती राज व्यवस्था (Jharkhand Panchayat Raj) को और अधिक सशक्त, आत्मनिर्भर एवं जवाबदेह बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत पंचायती राज विभाग, झारखंड सरकार द्वारा राज्य के चयनित जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों को राज्य स्तरीय अध्ययन भ्रमण पर केरल भेजा जा रहा है।
यह 30 सदस्यीय राज्य स्तरीय प्रतिनिधिमंडल धनबाद के डीपीएम तौहीद आलम एवं पाकुड़ के डीपीएम आनंद प्रकाश के नेतृत्व में केरल रवाना होगा। यह अध्ययन भ्रमण रिवैम्पड राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें – देवघर और मधुपुर नगर निकाय चुनाव की बज गई घंटी, यहां जानें हर छोटी-बड़ी जानकारी
क्यों विशेष है यह अध्ययन भ्रमण
केरल को देश में पंचायती राज, विकेंद्रीकरण, जनभागीदारी एवं स्थानीय स्वशासन के सबसे सफल मॉडल के रूप में जाना जाता है। इस 6 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण एवं अध्ययन भ्रमण के दौरान प्रतिनिधिमंडल केरल की पंचायतों की कार्यप्रणाली, संसाधन प्रबंधन, पारदर्शिता, सामाजिक भागीदारी एवं विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों का गहन अध्ययन करेगा। अध्ययन भ्रमण से लौटने के बाद प्रतिभागी इन सफल मॉडलों को झारखंड एवं विशेष रूप से पाकुड़ जिले की पंचायतों में धरातल पर उतारने की दिशा में कार्य करेंगे।
पाकुड़ से शामिल प्रमुख प्रतिभागी:- आनंद प्रकाश, नोडल ऑफिसर एवं डीपीएम, पाकुड़, सलोमी बेसरा, मुखिया, बनियापासर पंचायत, मीरु सोरेन, वार्ड सदस्य, ललिता सोरेन, वार्ड सदस्य, विनीता हेम्ब्रम, पंचायत सचिव, सायेम अख्तर, प्रखंड समन्वयक।
इसे भी पढ़ें – देवघर वसंत पंचमी तिलक उत्सव, महादेव को विवाह का निमंत्रण, मिथिलांचल की परंपरा…
प्रशासनिक तैयारी
सभी प्रतिभागियों को 30 जनवरी 2026 तक रांची में रिपोर्ट करने का निर्देश दिया गया है, जहां से प्रतिनिधिमंडल केरल के लिए प्रस्थान करेगा। यह अध्ययन भ्रमण न केवल प्रतिभागियों के लिए एक समृद्ध शैक्षणिक अनुभव सिद्ध होगा, बल्कि पाकुड़ सहित पूरे झारखंड के ग्रामीण विकास, स्थानीय स्वशासन एवं पंचायत सशक्तिकरण की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा। (प्रेस विज्ञप्ति)
—–समाप्त—–
